अनहद नाद

August 17, 2006

भगवत रावत की एक कविता

Filed under: Uncategorized — PRIYANKAR @ 1:02 pm

 

 वे इसी पृथ्वी पर हैं

 

कहीं न कहीं कुछ न कुछ लोग हैं जरूर

जो इस पृथ्वी को अपनी पीठ पर

कच्छपों की तरह धारण किए हुए हैं

बचाए हुए हैं उसे

अपने ही नरक में डूबने से

वे लोग हैं और बेहद नामालूम घरों में रहते हैं

इतने नामालूम कि कोई उनका पता

ठीक-ठीक बता नहीं सकता

उनके अपने नाम हैं लेकिन वे

इतने साधारण और इतने आमफ़हम हैं

कि किसी को उनके नाम

सही-सही याद नहीं रहते

उनके अपने चेहरे हैं लेकिन वे

एक-दूसरे में इतने घुले-मिले रहते हैं

कि कोई उन्हें देखते ही पहचान नहीं पाता

वे हैं, और इसी पृथ्वी पर हैं

और यह पृथ्वी उन्हीं की पीठ पर टिकी हुई है

और सबसे मजेदार बात तो यह है कि उन्हें

रत्ती भर यह अन्देशा नहीं

कि उन्हीं की पीठ पर टिकी हुई है यह पृथ्वी ।

Blog at WordPress.com.