वृक्ष वे कविताएं हैं ….
खलील जिब्रान का गद्य-काव्य
वृक्ष वे कविताएं हैं,जिन्हें धरती आसमान पर लिखती है! हम उन्हें गिरा देते हैं और उनका कागज़ के रूप में परिवर्तन कर देते हैं,ताकि अपनी रिक्तता को उस पर अंकित कर सकें .
***
यदि मुझे कविता लिखने की शक्ति या अलिखित कविता के आनंद में से कोई एक चुनने के लिए कहा जाय तो मैं आनंद को चुन लूंगा . वस्तुतः वह अधिक सुंदर कविता है .
परंतु तुम और मेरे समस्त पड़ोसी एकमत हो कि मैं सदा ही बुरी वस्तु ही पसंद करता हूं .
***
केवल अभिव्यक्त अभिमत ही कविता नहीं है,प्रत्युत वह एक गीत है जो सस्मित मुख से प्रवाहित होता है .
***
कवि उस सिंहासन-च्युत अधिपति के समान है,जो अपने महलों की राख में बैठा उसमें से एक काल्पनिक महल बनाने का प्रयत्न करता है .
***
कविता प्रसाद,पीड़ा और आश्चर्य का समझौता है,जिसे लिखने के लिए शब्दकोश पर आश्रित रहना पड़ता है .
***
कविता के लिए ‘विचार करना’ सबसे भारी अवरोधक है .
***
महान गायक वह है, जो हमारे मौन भावों को गा सके .
*********
खलील जिब्रान (1883-1931) : विश्वविख्यात लेखक,कवि,चित्रकार और दार्शनिक . सीरिया के माउंट लेबनान प्रांत में जन्म . अरबी और अंग्रेज़ी में लेखन . ‘दि प्रोफ़ेट’ उनकी सर्वोत्कृष्ट रचना मानी जाती है . बलिष्ठ कल्पना-शक्ति के कवि खलील जिब्रान गद्य-काव्य की एक नई शैली के उन्नायक थे . वे उस परम्परा के कवि थे जिससे सूफ़ी-संत-मनीषी और ज्ञानी जन आते हैं .