Posted by: PRIYANKAR | August 15, 2007

कुम्हार अकेला शख्स होता है

 

शहंशाह आलम की एक कविता

 

कुम्हार अकेला शख्स होता है

 

जब तक एक भी कुम्हार है

इस पूरी पृथ्वी पर

और मिट्टी आकार ले रही है

समझो कि मंगलकामनाएं की जा रही हैं

 

कितना अच्छा लगता है

जबकि मंगलकामनाएं की जा रही हैं

और इस बदमिजाज़ व खुर्राट औरत-सी

सदी में भी

कुम्हार काम भर मिट्टी ला रहा है

 

कुम्हार जिस समय बीड़ी पीता है

बीवी उसकी आग तैयार करती है

इतिहासकार इतिहास के बारे में

चिंतित होते हैं

श्रेष्ठजन अपनी श्रेष्ठता सिद्ध करने में

भिड़े होते हैं

अंधकार चीरने हेतु

अपने को तैयार कर रहा होता है कवि

 

कुम्हार अकेला शख्स होता है

जो पैदल-पुलिस के साथ

शिकारी कुत्तों की भीड़ देखकर

न तो बौखलाता है

न ही उत्तेजित होता है

 

हालांकि उसको पता है

उसके बनाए बर्तन

खिलौने  कैमरामैन  पुरुष-समूह  अंतरिक्षयात्री

अबाबील व दूसरी चिड़िया

सब-सब

मौके की तलाश में हैं

किसी अन्य ग्रह पर चले जाने के लिए

 

कुम्हार अकेला शख्स होता है

जो नेपथ्य में बैठी उद्घोषिका से कहता है

हम मिट्टी से और मिट्टी के रंगवाली

पृथ्वी से प्रेम करते रहेंगे ।

 

***********

 

( समकालीन सृजन के ‘कविता इस समय’ अंक से साभार )

 


Responses

  1. जो भी रचता है – कोई भी हो, अकेला होता है.

  2. वास्तव में कुम्हार महान है!


Leave a response

Your response:

Categories